
तीनों सेनाओं और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के बीच तालमेल और खेल भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से पहली बार “सर्विसेज यूनिटी इनविटेशनल बास्केटबॉल टूर्नामेंट 2026” का आयोजन किया गया. “ईयर ऑफ नेटवर्किंग (स्पोर्ट्स)” के तहत आयोजित यह टूर्नामेंट 20 अप्रैल से 25 अप्रैल 2026 तक आर्मी स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के तत्वावधान में आर्मी बास्केटबॉल नोड, 1 आर्मी हेडक्वार्टर सिग्नल रेजिमेंट में चला.
इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भारतीय सेना, भारतीय नौसेना, भारतीय वायुसेना के साथ-साथ SSB, BSF, CISF और ITBP की टीमों ने हिस्सा लिया. पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल और टीम भावना का प्रदर्शन किया. फाइनल मुकाबलों में भारतीय थल सेना की बास्केटबॉल टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप अपने नाम कर ली. भारतीय नौसेना की टीम रनर-अप रही, जबकि भारतीय वायुसेना और CISF ने क्रमशः तीसरा और चौथा स्थान हासिल किया.
